उत्कृष्ट विद्यालय रतलाम में हर्षोल्लास से मनाया संविधान दिवस 

Constitution Day was celebrated with great enthusiasm in Utkrisht Vidyalaya Ratlam

उत्कृष्ट विद्यालय रतलाम में हर्षोल्लास से मनाया संविधान दिवस 

डेली जर्नल हिंदी डेस्क 

रतलाम, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रतलाम में 26 नवंबर को संविधान दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके पश्चात प्रातः 10 बजे प्राचार्य सुभाष कुमावत द्वारा संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कराया गया, जिसमें संपूर्ण स्टाफ एवं सभी विद्यार्थी सहभागी बने।

संविधान दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, निबंध लेखन, संविधान विषयक क्विज आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। संविधान सभा के महत्व एवं उसके निर्माण में महिला सदस्यों के ऐतिहासिक योगदान पर भी विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में संविधान पर आधारित फिल्म का प्रदर्शन किया गया तथा विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे विद्यार्थियों ने अत्यंत रुचि के साथ देखा।

प्राचार्य सुभाष कुमावत ने कहा कि भारत का संविधान केवल शासन व्यवस्था का आधार नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक के सपनों, आकांक्षाओं और अधिकारों की रक्षा करने वाला एक जीवंत दस्तावेज है। हमारे संविधान निर्माताओं ने कठिन परिस्थितियों में भी दूरदृष्टि, समर्पण और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए विश्व का सबसे बड़ा और सबसे व्यापक संविधान तैयार किया। आज की युवा पीढ़ी के सामने यह महत्वपूर्ण दायित्व है कि वे संविधान के मूल्यों न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व को अपने आचरण में आत्मसात करें।

विद्यालय में ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य यही है कि विद्यार्थी केवल संविधान पढ़ें नहीं, बल्कि उसके मूलभूत सिद्धांतों को समझें और उन्हें अपने दैनिक जीवन में लागू करें। राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। एक जिम्मेदार विद्यार्थी ही भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनता है। आप सभी देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माता हैं, इसलिए संविधान के प्रति जागरूक रहना और उसके आदर्शों का पालन करना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में  विद्यालय के वरिष्ठ आर.सी. पांचाल, मनोज मूणत, शरद कुमार शर्मा, माया मौर्या, यशस्वी वर्मा, हेमलता शिवहरे, रीना कोठारी, अनिल शर्मा, मुन्नेश बघेल, अर्चना टाक, नमिता वर्मा सहित समस्त स्टाफ सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।