रतलाम में पूर्व सैनिकों ने हर्षोल्लास से मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
Ex-servicemen celebrated the 80th Independence Day with great enthusiasm in Ratlam; cultural programs enthralled the audience
डेली जर्नल हिंदी डेस्क
रतलाम। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जिला इकाई रतलाम द्वारा सैनिक कॉलोनी परिसर में 15 अगस्त को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस असीम उत्साह, उल्लास एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में गरिमामय ढंग से मनाया गया। समारोह का शुभारंभ पूर्व लेफ्टिनेंट राजेश छीपा द्वारा ध्वजारोहण कर किया गया, जिसके पश्चात उपस्थित सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। इसके बाद संगठन गीत "हम भारत के पूर्व सैनिक नयी प्रेरणा लाये हैं, देश की रक्षा करते थे अब ईसा सजाने आये हैं" का भी सामूहिक गायन किया गया। अवसर पर परिषद के अध्यक्ष विक्रम सिंह एवं प्रांतीय सचिव सुरेन्द्र सिंह वाघेला ने सभी उपस्थित जनों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में वरिष्ठ सदस्य श्यामलाल भावसार, अशोक सिसोदिया, राजकुमार सोनगरा एवं विपिन वाघेला की सराहनीय भूमिका रही।

समारोह के दौरान देशभक्ति पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें पूर्व सैनिकों के साथ सैन्य मातृशक्ति की अध्यक्षा श्रीमती पुष्पेन्द्र जी सिसौदिया एवं उनकी टीम की माताओं व बहनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों ने भी कार्यक्रमों का आनंद उठाया। इस भव्य आयोजन में पंकज कुशवाह, राधेश्याम पाटीदार, अजीत भदौरिया, के.एल. पाटीदार, प्रवीण शर्मा, डी.आर. परमार, एस.पी. उपाध्याय, राजेश छीपा, ओमप्रकाश लोधा, मूलचंद वाघेला तथा कपिल वाघेला सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन वी.के. त्रिपाठी द्वारा किया गया तथा अंत में ईश्वर सिंह राठौर ने सभी का आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन सौहार्दपूर्ण माहौल में सामूहिक सहभोज के साथ हुआ। कार्यक्रम की संपूर्ण जानकारी परिषद के सदस्य सुरेन्द्र सिंह सिसोदिया द्वारा प्रदान की गई।
ADVERTISEMENT

